अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया ने सांसद अमृतपाल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए, ऑडियो रिकॉर्डिंग्स जारी कर NIA जांच की मांग
चंडीगढ़ | 22 अप्रैल 2025 शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोमवार को एक बड़ा खुलासा करते हुए सोशल मीडिया पर तीन कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग्स साझा की हैं। इन ऑडियो में, मजीठिया के अनुसार, खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से करवाने की मांग की है।
गंभीर आरोप, गैंगस्टर कनेक्शन का दावा
मजीठिया का दावा है कि इन रिकॉर्डिंग्स में अमृतपाल सिंह एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत में लूट, जबरन वसूली, हथियारों की तस्करी, और कुख्यात गैंगस्टर जयपाल भुल्लर से संबंध जैसे मामलों में अपनी भूमिका स्वीकार कर रहा है। मजीठिया ने कहा, “जब खुद एक सांसद ऐसे गुनाहों को कबूल कर रहा है, तो अब देर नहीं होनी चाहिए। NIA को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।”
ऑडियो में क्या कहा गया?
1. लूट के पैसों में हिस्सेदारी
ऑडियो में कथित अमृतपाल यह कहते सुने जा रहे हैं कि, “जयपाल ने जो लूट की थी, उसमें मेरा हिस्सा था। उसमें 40 लाख रुपए थे, जिनमें से 10 लाख मेरा था।” वह आगे यह भी कहता है कि जयपाल भुल्लर के मारे जाने के बाद उसके साथियों को अपने पास रखा और उन पर खर्च किया। अमृतपाल दावा करता है कि यह पैसे वह “कौम के मसले” के लिए इस्तेमाल करना चाहता था।
2. हथियारों की डील और पुलिस के साथ गठजोड़
एक अन्य ऑडियो में यह बातचीत सामने आती है कि जयपाल भुल्लर का नेटवर्क पंजाब में हथियारों की खेप मंगवा रहा था, जिसे फगवाड़ा में स्टोर किया जाना था। कथित अमृतपाल का दावा है कि कुछ पुलिस अधिकारी इस नेटवर्क में शामिल थे और मोटी रकम वसूलते थे। वह कहता है, “पुलिस चालाक होती है, उन्हें पता था कि बड़ी प्लानिंग चल रही है।”