अमृतसर और अजनाला में धूसी बांध टूटा, 15 गांव जलमग्न, प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

अमृतसर और अजनाला में धूसी बांध टूटा, 15 गांव जलमग्न, प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

नाव की मदद से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। - Dainik Bhaskar

अमृतसर, 27 अगस्त 2025 (ब्यूरो रिपोर्ट):
अमृतसर और अजनाला क्षेत्र में बुधवार को बड़ा जल संकट खड़ा हो गया जब रावी नदी के किनारे बना धूसी बांध कई स्थानों पर टूट गया। इसके चलते अजनाला और रामदास के आसपास के लगभग 15 गांवों में पानी घुस गया। जलप्रलय जैसी स्थिति के बीच कई लोग अपने घरों में फंसे रह गए, जिन्हें निकालने के लिए प्रशासन ने नावों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

बांध टूटने की मुख्य वजह जम्मू-कश्मीर की ओर से छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी बताया जा रहा है, जिससे रावी दरिया में बहाव अत्यधिक बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात को रावी नदी में चार लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी बह रहा था, जो देर रात और अधिक बढ़ गया।

डीसी साक्षी साहनी खुद उतरीं राहत कार्य में

हालात की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी, एडीसी रोहित गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर राहत व बचाव कार्यों की निगरानी की। एनडीआरएफ की टीमें तथा अन्य राहत दल भी लगातार कार्य में जुटे हुए हैं।

4 से 5 परिवार प्रति गांव अब भी फंसे, रेस्क्यू जारी

बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था, लेकिन अभी भी हर गांव में 4 से 5 परिवार फंसे हुए हैं। प्रशासन उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। धूसी बांध की समय पर मरम्मत न होने को इस संकट का कारण बताया जा रहा है।

खड़ी फसलें बर्बाद, भारी नुकसान की आशंका

प्रशासन के अनुसार, पानी भरने से आसपास के क्षेत्रों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। साथ ही ग्रामीण इलाकों में घरों और मवेशियों को भी क्षति पहुंची है।

मंत्री और विधायक भी मौके पर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह और स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल भी मौके पर पहुंचे। विधायक धालीवाल ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से मौके पर डटे हुए हैं और लगातार राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाना उनकी पहली प्राथमिकता है।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें। जरूरतमंदों के लिए राहत कैंप भी स्थापित किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें