अमृतसर ज़हरीली शराब कांड: मरने वालों की संख्या 23 पहुंची, लुधियाना के कैमिकल कारोबारियों पर जांच तेज़
अमृतसर, पंजाब: अमृतसर ज़िले के मजीठा इलाके में ज़हरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा अब 23 तक पहुंच चुका है, जबकि 10 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस गंभीर मामले ने पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने इस घटना में अब तक 18 लोगों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के साथ-साथ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच के दायरे को और विस्तार देते हुए पुलिस अब लुधियाना में पकड़े गए कैमिकल सप्लायर्स की भूमिका की जांच कर रही है। लुधियाना के सुख एन्क्लेव स्थित ‘साहिब केमिकल्स’ के मालिक पंकज कुमार उर्फ साहिल और उनके बेटे अरविंद कुमार को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी साहिब सिंह ने इनसे 50 लीटर मेथनॉल मंगवाया था।
पंकज और अरविंद ने पुलिस को बताया है कि मेथनॉल उन्हें साबुन बनाने के नाम पर मांगा गया था, लेकिन बाद में इसका इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने में किया गया।
इस खुलासे के बाद लुधियाना का एक्साइज विभाग और ETO-GST विभाग भी सक्रिय हो गया है। ‘साहिब केमिकल्स’ का पूरा रिकॉर्ड जब्त कर लिया गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन-किन लोगों ने इस कंपनी से मेथनॉल खरीदा है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई जारी है और सरकार ने सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।