इंदौर. तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित फिल्म “श्रीकांत-आ रहा है सबकी आंखें खोलने” के प्रमोशन के लिए अभिनेता राजकुमार राव बुधवार को इंदौर आए. उन्होंने इंदौर के पोहे जलेबी की जमकर तारीफ करने के साथ ही फिल्म कंटेंट को लेकर अपनी बात कही. बताया, इस फिल्म की शूटिंग के लिए उन्होंने कैसे तैयारी की थी.
अभिनेता राजकुमार राव ने कहा कि इंदौर का फूड बहुत ही अमेजिंग है. इंदौर देश में सफाई में नंबर वन है. यहां की सफाई देखकर खुशी मिलती है. फिल्मों की शूटिंग करने के लिए मैं कई बार इंदौर आ चुका हूं. उनकी स्त्री और लूडो मूवी की शूटिंग इंदौर में हुई थी. आज फिर फिल्म प्रमोशन के लिए इंदौर आया हूं.
घंटों ब्लाइंड स्कूल में बिताए
श्रीकांत से जुड़े किस्से साझा करते हुए बताया कि ये फिल्म दृष्टिबाधित व्यक्ति श्रीकांत बोल्ला के सफर पर है. उनका किरदार और बुद्धिमत्ता तारीफे काबिल है. श्रीकांत जो विकलांगता को कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाते हैं. इस फिल्म की शूटिंग के लिए काफी सारा रिसर्च किया. ब्लाइंड स्कूल में कई घंटे बिताए. उनके साथ रह कर समझा की आंखें न होने के बावजूद उनकी जिंदगी कैसे परफेक्ट होती है. ऐसा कई दिन चलता रहा. राजकुमार ने बताया कि ब्लाइंड लोग खास होते हैं, क्योंकि उनके पास कोई न कोई ऐसा हुनर होता है जो उन्हें जीना सिखाता है.
कई रिजेक्शन मिले
राजकुमार ने कहा कि मैं हर तरह का किरदार करना चाहता हूं, जिसमें खुद को साबित कर सकूं. मुझे कॉमेडी, ड्रामा भी पसंद है. मुझे थ्रिल भी पसंद है. इसलिए जब भी कोई नई कहानी आती है तो हां कर देता हूं. पहली फिल्म LSD थी, जो मुझे तमाम ऑडिशन के बाद मिली. इसके पहले कई रिजेक्शन मिले. मेरा फोकस एक्टिंग ही था, इसलिए कमजोर नहीं पड़ा. स्कूलिंग के दौरान ही तय कर लिया था कि एक्टिंग करनी है. इसके लिए पुणे के एफटी इंस्टीट्यूट से पढ़ाई की. किस्मत से 28 साल बाद वो इंस्टीट्यूट शुरू हुआ था. इसी दौरान थिएटर किया, स्टेज परफॉर्मेंस की, क्योंकि ये सभी एक्टिंग स्किल्स को स्ट्रॉन्ग करती है.
थिएटर और वर्कशॉप करें
इंदौर के नए कलाकारों को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश की भाषा यानी हिंदी बहुत अच्छी है, इसलिए हिंदी के मामले में तो यहां के लोगों को दिक्कत नहीं होगी. लेकिन, किसी भी फील्ड में करियर बनाना है तो पहले उसकी पढ़ाई करनी होगी. इसी तरह एक्टिंग में पढ़ाई करना भी जरूरी है. इसके लिए थिएटर और वर्कशॉप करें. कोई इंस्टीट्यूट से कोर्स करें. बिना एक्टिंग के अनुभव के फिल्म इंडस्ट्री में रहना मुश्किल है.
10 मई को होगी रिलीज
बता दें कि राजकुमार राव की फिल्म ‘श्रीकांत’ 10 मई को सिनेमाघर में रिलीज होने वाली है, जो श्रीकांत बोल्ला के जीवन पर आधारित है. फिल्म में राजकुमार के साथ ज्योतिका और शरद केलकर सहित कई कलाकार हैं. वहीं 31 मई के दिन राजकुमार राव और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
Tags: Bollywood news, Indore news, Local18, Rajkumar Rao
FIRST PUBLISHED : May 2, 2024, 18:20 IST










