कपूरथला में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: अवैध मकान ध्वस्त, 34 NDPS मामले दर्ज
पंजाब के कपूरथला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है, जिसमें गांव बूट की पंचायती जमीन पर बनाए गए तीन अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इन मकानों के मालिकों पर विभिन्न थानों में NDPS एक्ट के तहत कुल 34 मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई BDPO ढिल्लवां, मनजीत कौर के निर्देश पर सिविल और पुलिस प्रशासन ने की।
अवैध मकान ध्वस्त
कपूरथला के SSP गौरव तुरा के अनुसार, जिन मकानों को गिराया गया, उनमें से एक मकान गुरनाम सिंह और उसकी पत्नी भानी का था, जिन पर 5 और 4 NDPS केस दर्ज थे। शेर सिंह और उसके बेटे काला सिंह के अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया, जिन पर क्रमशः 1-1 NDPS केस हैं। इसके अलावा, मेहताब सिंह का निर्माण भी गिराया गया, जिन पर 8 और चढ़त सिंह पर 7 NDPS केस दर्ज थे। इसके साथ ही सुरजीत सिंह का अवैध निर्माण भी गिराया गया, जिन पर 6 केस दर्ज थे।
नशे के हॉटस्पॉट पर कार्रवाई
SSP तुरा ने बताया कि पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की जा रही है, जिसमें नशे की रोकथाम, प्रवर्तन और पुनर्वास पर काम किया जा रहा है। जिले में नशे के हॉट स्पॉट की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा रही है, और नशा छोड़ने वाले युवाओं को स्व-रोजगार के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। पिछले एक महीने में कपूरथला पुलिस ने 190 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पंचायत विभाग का आदेश
BDPO मनजीत कौर ने बताया कि सितंबर 2015 में पंचायत की जमीन पर बने इन अवैध निर्माणों को गिराने का आदेश जारी किया गया था, लेकिन संबंधित पक्षों ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद, अवैध कब्जे हटाने के लिए विभाग ने कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में एसपी गुरप्रीत सिंह गिल, डीएसपी करनैल सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।