कुरुक्षेत्र में महायज्ञ के दौरान सुरक्षा गार्डों की फायरिंग, ब्राह्मणों ने की तोड़फोड़ और जाम
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शनिवार सुबह महायज्ञ में शामिल हुए ब्राह्मणों पर आयोजकों के सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग करने की घटना सामने आई है। फायरिंग में लखनऊ से आए ब्राह्मण आशीष तिवारी को गोली लग गई, जिससे गुस्साए ब्राह्मणों ने आयोजकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में लखीमपुर के प्रिंस शुक्ला भी घायल हो गए, और अन्य ब्राह्मणों को भी चोटें आईं।
इसके बाद ब्राह्मणों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने यज्ञशाला से बाहर निकलकर तोड़फोड़ और पथराव करना शुरू कर दिया। गुस्साए ब्राह्मणों ने महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया और रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग भी फाड़ दिए। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया और वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकने लगे।
बवाल मचने की सूचना मिलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से हटाया। हालांकि, ब्राह्मण अब भी रोड पर जाम लगाए बैठे हुए हैं।
यह घटना महायज्ञ आयोजन में सुरक्षा गार्डों द्वारा किए गए हिंसक व्यवहार के कारण हुई, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।