घायल हुई कान्हा नेशनल पार्क की क्वीन नीलम, पार्क मैनेजमेंट पर उठे सवाल, फोटो देख लोग बोले- दुख की बात है

मंडला. मध्य प्रदेश के मंडला से चौंकाने वाली खबर है. यहां स्थित कान्हा नेशनल पार्क में विख्यात बाघिन नीलम T-65 और उसका शावक घायल हैं. हैरानी की बात यह है कि पार्क के मैदानी अमले को इसकी खबर नहीं थी. दोनों के घायल होने की तस्वीर वायरल होने के बाद मैदानी अमला एक्टिव हुआ. इसलिए अब कान्हा नेशनल पार्क प्रबंधन की मॉनिटरिंग पर सवाल खड़े हो गए हैं. इस मामले को लेकर पार्क प्रबंधन का कहना है कि शिकार के दौरान दोनों घायल हुए हैं. यह प्राकृतिक है. वे जल्द ठीक हो जाएंगे. उनकी मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है.

गौरतलब है कि, कान्हा नेशनल पार्क से हाल ही में कुछ फोटो और वीडियो वायरल हुए थे. इनमें बाघिन नीलम T-65 के माथे पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए. जबकि, उसका शावक भी लंगड़ाकर चलता हुआ नजर आ रहा था. उनकी यह हालत उस वक्त हुई जब बाघिन नीलम साही (porcupine) का शिकार कर रही थी. उसी दौरान उसके शरीर पर कांटे लग गए. इससे वह घायल हो गई है. उसके साथ-साथ उसका शावक भी घायल हो गया. दोनों कुछ दिनों से यूं ही घायल पड़े हैं.

मॉनिटरिंग टीम पर खड़े हुए सवाल
उनकी तस्वीर वायरल हुई तो पार्क प्रबंधन के मैदानी अमले और मोनीटरिंग करने वाली टीम पर सवाल खड़े होने लगे हैं. इस मामले को लेकर कान्हा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने बताया कि बाघिन नीलम T-65 और उसका शावक लगातार साही का शिकार करने की कोशिश कर रहे हैं. साही का शिकार आसान नहीं होता. उसके शरीर पर कांटे होते हैं. वह किसी भी खतरे को देखते हुए कांटों को फैला देता है. इसी वजह से नीलम और उसका शावक घायल हो गए. यह प्रक्रिया पूरी तरह प्राकृतिक है. इनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है. वे जल्द ठीक हो जाएंगे.

.

FIRST PUBLISHED : April 30, 2024, 17:19 IST

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें