चारधाम यात्री सावधान! हेली सेवा टिकट बुकिंग में चल रहा फ्रॉड, हैकर्स ऐसे बना रहे शिकार

हिना आज़मी/ देहरादून: उत्तराखंड में जल्द ही चार धाम यात्रा शुरू हो जाएगी. प्रशासन इसके लिए तैयारी कर रहा है. हर साल की तरह इस साल भी साइबर ठग चारधाम सीजन के लिए एक्टिव हो चुके हैं. अगर आप भी उत्तराखंड की चारधाम यात्रा हेलीकॉप्टर के माध्यम से करने की सोच रहे हैं और टिकट बुक करने की तैयारी कर रहे हैं, तो थोड़ा ठहर जाइए. क्योंकि ऐसा करना आपको महंगा पड़ सकता है.

दरअसल, हेली सेवा टिकट 31 जून तक फुल हो चुकी हैं. ऐसे में अगर आपने ऑनलाइन टिकट बुकिंग की कोशिश की, तो आप साइबर के बिछाए गए जाल में फंस सकते हैं. जैसे ही विभाग द्वारा केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा बुकिंग की शुरुआत हुई. ऐसे ही पुलिस प्रशासन के पास हेली सेवा टिकट बुकिंग में फ्रॉड से जुड़े मामले पहुंचने लगे. स्पेशल पूजा और वीवीआईपी दर्शन के लिए भी ये ठग लोगों के लिए जाल बिछा रहे हैं. उत्तराखंड साइबर पुलिस ऐसी फर्जी वेबसाइटों और ठगों पर नजर बनाए हुए है.

बता दें कि हेली सेवा टिकट बुकिंग के लिए पहले 7, 10 से 15 दिनों के लिए आईआरसीटीसी की टिकट विंडो खोली गई. जबकि, इस बार जून महीने तक बुकिंग फुल हो गई है. अगर आप आईआरसीटीसी पर टिकट न बुक होने पर अन्य वेबसाइटों पर गलती से भी पहुंच गए, तो आप साइबर के बिछाए गए जाल में फंस सकते हैं.

एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले साल ठगी के मामलों में बढ़ोतरी होने के बाद जांच में जुटी हुई उत्तराखंड साइबर पुलिस ने ऐसी 64 वेबसाइटों को बंद करवाया था. इस बार भी पुलिस ऐसे ठगों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा बुकिंग के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशल वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in से ही सत्यापन करने के बाद टिकट बुक करें. साथ ही ठगों से सावधान रहें.

Tags: Dehradun news, Local18

]

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें