सिमरनजीत सिंह/शाहजहांपुर : गर्मियों में मिलने वाला पका आम तो बेहद स्वादिष्ट होता ही है. लेकिन कच्चा आम भी कई औषधि गुणों से भरपूर होता है. जिसकी वजह से लोग गर्मियों में आम खाना पसंद करते हैं. कच्चे आम में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक होता है.
कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर में पिछले वर्षों से तैनात गृह विज्ञान की एक्सपर्ट डॉ. विद्या गुप्ता ने बताया कि कच्चे आम में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन ई, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन, जिंक, फाइबर, कॉपर, पोटेशियम और सोडियम जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. जिसकी वजह से यह कई तरह की बीमारियों को दूर रखता है.
पेट की बीमारियों के लिए रामबाण है कच्चा आम
डॉ. विद्या गुप्ता ने बताया कि कच्चे आम में पाए जाने वाले विटामिन सी की वजह से यह शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है. जिससे कई तरह की संक्रामक बीमारियों से ये हमारे शरीर को दूर रखता है. इतना ही नहीं कच्चा आम पेट के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है. यह कब्ज की समस्या से राहत दिलाता है. यह पाचन तंत्र को मजबूत भी करता है. कच्चा आम पेट में एसिडिटी की समस्या से राहत दिलाता है.
आंखों के लिए फायदेमंद है कच्चा आम
डॉ. विद्या गुप्ता ने बताया कि कच्चे आम में पाए जाने वाले विटामिन ए की वजह से यह आंखों की रोशनी को बढ़ाता है. आंखें स्वस्थ रहती हैं. कच्चे आम में एंटी डायबिटिक गुण पाए जाते हैं. जिसकी वजह से यह खून में शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है.
कच्चा आम खाने से हड्डियां होंगी मजबूत
डॉ. विद्या गुप्ता ने बताया कि कच्चा आम खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं. दरअसल, इसमें कैल्शियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है. जो हड्डियों स्वस्थ और मजबूत बनाने के लिए जरूरी माना जाता है. इसके नियमित सेवन से हड्डियों से जुड़ी समस्याओं का खतरा कम होता है.
लू से बचाता है कच्चा आम
डॉ. विद्या गुप्ता ने बताया कि कच्चा आम गर्मियों की मौसम में धूप और लू लगने से बचाता है. कच्चे आम का पन्ना बनाकर अगर सेवन किया जाए तो यह लू से बचाने में बेहद कारगर होता है. कच्चे आम की चटनी बनाकर भी खा सकते हैं. कच्चे आम के नियमित सेवन से शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने में मदद मिलती है.
कैसे करें कच्चे आम का सेवन?
डॉ. विद्या गुप्ता ने बताया कि कच्चे आम का पन्ना बनाकर, चटनी बनाकर, मुरब्बा बनाकर, अचार बनाकर, अमचूर बनाकर, जैम बनाकर, आम पापड़ बनाकर और उसकी सब्जी बनाकर भी इसको खाया जा सकता है. लेकिन ध्यान रखें कि कच्चे आम का अत्यधिक सेवन करने से पेट फूलने या फिर पेट में ऐंठन होने की समस्या हो सकती है.
Tags: Health News, Life18, Local18, Shahjahanpur News, Uttar Pradesh News Hindi
FIRST PUBLISHED : May 3, 2024, 17:32 IST
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.










