How to take care of withered plants: भीषण गर्मी में ना सिर्फ इंसानों की हालत खराब है, बल्कि पेड़-पौधे तक सूख जा रहे हैं. फिलहाल एक-दो दिनों से कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई है, जिससे गर्मी और कड़क धूप से लोगों को कुछ राहत मिली है. हो सकता है जल्द ही मानसून भी दस्तक दे दे, लेकिन पिछले डेढ़ महीनों में इंसानों के साथ-साथ जला देने वाली गर्मी के कारण घर में रखे पेड़-पौधे भी सूख गए हैं. प्रॉपर केयर, पानी देने के बाद भी आपके घर की बालकनी, छत या फिर आंगन में रखे पौधे सूख रहे हैं और पत्तियां जल गई हैं तो आप उन्हें काटकर फेंकें नहीं. अपने घर के किचन में रखी इन चीजों से पौधों में नई जान डाल सकते हैं.
गर्मी में मुरझाए पौधों को दोबारा हरा-भरा बनाने के टिप्स
1. आपके घर में चावल तो रोज ही बनता होगा. आप चावल को धोते हैं तो उसका पानी ना फेकें, बल्कि इस पानी को मुरझाए हुए पौधों के गमले में डाल दें. आप इसमें थोड़ा सा वाइट वेनेगर, सोडा भी डाल सकते हैं. आप कुछ दिन ऐसा करके देखें, पौधे फिर से हरे-भरे होने लगेंगे. पत्तियां हरी हो जाएंगी और नए तने भी निकलने शुरू हो जाएंगे.
2. कुछ दिनों के लिए पौधों पर बेकिंग सोडा का स्प्रे करके देखें. बेकिंग सोडा काफी हद तक पौधों पर लगने वाले कीड़ों का सफाया करने के लिए कारगर घरेलू उपाय है. इसके लिए आप एक से दो चम्मच बेकिंड सोडा को दो से तीन लीटर पानी में डालें और अच्छी तरह से मिक्स करके एक स्प्रे बॉटल में रख दें. इसे पौधों पर अच्छी तरह से छिड़कें. आप देखेंगे कि पौधा हरा होना शुरू हो गया है.
3. इसी तरह से आप चाय पत्ती का पानी भी पौधों में छिड़क सकते हैं. इसके लिए आप जब भी चाय बनाएं उस चाय पत्ती को फेकें नहीं, बल्कि साफ पानी में डालकर उबालें. ठंडा करके गमले में मिट्टी में डालें. कुछ दिन के गैप में चाय पत्ती वाला पानी डालें. इससे भी पौधे में नई जान आएगी और नए तने निकलने शुरू हो जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: बड़े काम का है ये लाल फूल, पैसों की तंगी दूर करने के लिए घर में लगाएं इसका पौधा, कर्ज से भी मिलेगी मुक्ति
4. आपके घर में दालचीनी तो होगी ही. दालचीनी पाउडर को भी आप पौधे की जड़ या फिर मिट्टी में डालकर मिक्स कर दें. इससे पौधे की जड़ को मजबूती मिलती है. पौधे जल्दी मुरझाते नहीं. जब भी पौधे लगाएं तो थोड़ा सा दालचीनी पाउडर जरूर डाल दें.
5. आप चाय पत्ती वाले पानी की तरह लहसुन का पानी भी सूखे, मुरझाए पौधों में डाल सकते हैं. आप चाहें तो तीन-चार लहसुन का पेस्ट बनाकर उसे पानी में डालें और पतला घोल बनाकर छान लें. इस पानी को स्प्रे बॉटल में डाल दें. इसे पत्तियों और तनों पर छिड़कें. कुछ दिनों के गैप में ऐसा करें. कीड़े भी नहीं लगेंगे और पौधे भी फिर से ग्रीन हो जाएंगे.
Tags: Lifestyle, Tips and Tricks
FIRST PUBLISHED : June 25, 2024, 09:23 IST










