पंजाबी सिंगर करन औजला और हनी सिंह ने महिला आयोग से माफी मांगी, भारत लौटे औजला
चंडीगढ़/मुंबई: पंजाबी सिंगर करन औजला और हनी सिंह ने हाल ही में अपने गानों में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के बाद पंजाब महिला आयोग से माफी मांगी है। इस मुद्दे पर पंजाब महिला आयोग ने गायक duo के खिलाफ नोटिस जारी किया था, जिसके बाद करन औजला अब भारत वापस लौट आए हैं। वे सोमवार देर शाम मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर पहुंचे।
महिला आयोग के सामने पेश होंगे औजला
अब करन औजला जल्द ही पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन लाली गिल के सामने पेश हो सकते हैं। औजला ने व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए एक हफ्ते का वक्त मांगा था। इस मामले में पंजाब पुलिस के एआईजी यादविंदर सिंह सिद्धू ने भी आयोग के पास अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें कहा गया कि जल्द ही दोनों गायक व्यक्तिगत रूप से महिला आयोग के सामने पेश होंगे।
MF गबरू गाने पर विवाद
यह विवाद करन औजला के गाने “MF गबरू” से जुड़ा हुआ था, जिसमें महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर हनी सिंह और करन औजला के गाने सुने हैं और इन गानों में महिलाओं के खिलाफ अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो पूरी तरह से गलत है। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस को आदेश दिए कि वे इस मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई करें।
पुलिस को दिए गए निर्देश
महिला आयोग ने पंजाब पुलिस के डीजीपी को आदेश दिया था कि चंडीगढ़ की पुलिस को एक अधिकारी नियुक्त कर इस मामले की जांच करे और आवश्यक कदम उठाए।