पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ी पहल: गांव-गांव पहुंचेगी ‘नशा मुक्ति यात्रा’

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करते हुए ‘नशा मुक्ति यात्रा’ शुरू करने का ऐलान किया है। यह यात्रा 7 मई से राज्य के हर गांव और वार्ड तक पहुंचेगी। इससे पहले, 2 से 4 मई तक सभी जिलों में तैयारियों को लेकर विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस अभियान को ग्राम पंचायतों, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त भागीदारी से चलाया जाएगा, जिसमें विलेज डिफेंस कमेटियों की भी अहम भूमिका रहेगी।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि “जब तक आम जनता इस मुहिम का हिस्सा नहीं बनेगी, तब तक इसे सफल नहीं बनाया जा सकता।” उन्होंने यह भी बताया कि इसी सोच के तहत सीएम हेल्पलाइन की शुरुआत की गई थी, जिस पर कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी की जानकारी साझा कर सकता है। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, इस हेल्पलाइन पर आने वाली सूचनाओं की निगरानी खुद मुख्यमंत्री कर रहे हैं और कार्रवाई की रिपोर्ट भी लेते हैं।
59 दिन पहले शुरू हुई थी यह विशेष मुहिम
करीब दो महीने पहले शुरू की गई इस मुहिम के तहत सरकार का उद्देश्य है कि नशे के कारोबार में शामिल दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, जबकि नशा पीड़ितों को इलाज और पुनर्वास की सुविधा मिले। इसके लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच मंत्रियों की हाई पावर कमेटी बनाई गई है, जो जिलों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रही है।
पुलिस तीन मोर्चों पर कर रही काम:
-
हवाला नेटवर्क पर प्रहार: अब तक 31 हवाला ऑपरेटर गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जब्त की गई है।
-
268 ए के तहत प्रॉपर्टी अटैचमेंट: नशे की कमाई से खरीदी गई संपत्ति को जब्त किया जा रहा है।
-
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाना: नशा तस्करों द्वारा कब्जाई गई सरकारी संपत्तियों पर कार्रवाई










