पटियाला आर्मी कैंट में खालिस्तान और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे; आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने जारी किया वीडियो, बच्चों को भड़काने की कोशिश
पटियाला: खालिस्तानी आतंकी और प्रतिबंधित संगठन “सिख फॉर जस्टिस” (SFJ) का सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू एक बार फिर भड़काऊ हरकतों से चर्चा में आ गया है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि पटियाला के आर्मी कैंट इलाके में स्थित आर्मी स्कूल की दीवारों पर “खालिस्तान जिंदाबाद” और “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लिखे गए हैं।
वीडियो में दिखाई दे रही एक दीवार पर ऐसे नारे स्पष्ट रूप से लिखे हुए नजर आ रहे हैं, हालांकि दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पन्नू ने वीडियो में स्कूल के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा है कि “पाकिस्तान के साथ युद्ध में तुम्हारे परिवार के लोग मारे जा सकते हैं।” यह बयान बच्चों को भड़काने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
पंजाब पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पन्नू की इस गतिविधि को देश विरोधी और उकसावेपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि SFJ को भारत सरकार ने 2019 में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत प्रतिबंधित कर दिया था। केंद्र सरकार का कहना है कि यह संगठन सिख जनमत संग्रह की आड़ में पंजाब में अलगाववाद और चरमपंथ को बढ़ावा दे रहा है। पन्नू को 1 जुलाई 2020 को आधिकारिक रूप से आतंकी घोषित किया गया था। इसके बाद SFJ से जुड़े 40 से अधिक वेबपेज और यूट्यूब चैनल भी प्रतिबंधित कर दिए गए थे।