प्रो कबड्डी सीजन 11 की विजेता हरियाणा स्टीलर्स का जोरदार स्वागत, कोच मनप्रीत सिंह ने जताई कबड्डी के उज्जवल भविष्य की उम्मीद
प्रो कबड्डी सीजन 11 की विजेता टीम हरियाणा स्टीलर्स ने शनिवार को रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) में पहुंचकर धूमधाम से स्वागत कराया। इस दौरान टीम के हेड कोच मनप्रीत सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह हरियाणा स्टीलर्स के लिए ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि पहली बार टीम ने प्रो कबड्डी ट्रॉफी जीती है। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में थोड़े प्वाइंट के अंतर से हारने के बावजूद टीम ने पूरे साल कड़ी मेहनत की और उसका परिणाम आज सभी के सामने है।
मनप्रीत सिंह ने कहा कि कबड्डी खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म है, जहां उन्हें इज्जत और पैसा दोनों मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कबड्डी जल्द ही ओलिंपिक में शामिल होगी। इसके अलावा, उन्होंने राज्य के युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
टीम के कप्तान जयदीप दहिया ने भी टीम की जीत का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत को देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही। उन्होंने कबड्डी के भविष्य को उज्जवल बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में और भी युवा इस खेल में नाम कमाएंगे।
इस समारोह में कबड्डी के भविष्य के लिए उत्साह और उम्मीद की झलक साफ दिखाई दी, साथ ही युवा खिलाड़ियों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।