मीका सिंह ने पंजाब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी की हत्या पर जताई चिंता, मुख्यमंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग
चंडीगढ़, 16 जून 2025: पंजाब की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की कथित रूप से दो निहंग सिंहों द्वारा की गई निर्मम हत्या के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। अब इस घटना पर बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान से इस मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर बयान देते हुए कहा, “हमारी कौम योद्धाओं की कौम है, जो हमेशा से दूसरों की मदद करती आई है, न कि महिलाओं और निहत्थों पर हाथ उठाने वाली। दो निहंग सिंहों द्वारा एक महिला का इस तरह से बेरहमी से मर्डर किया जाना निंदनीय है। क्या ये हमारे समाज के लिए गर्व की बात हो सकती है?”
मीका ने कहा कि यह घटना सिख धर्म की महान परंपराओं और मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी को किसी महिला के पहनावे या व्यवहार से आपत्ति थी, तो कानूनी तरीके से शिकायत दर्ज कराई जा सकती थी। उन्होंने कहा, “क्या अब यही काम रह गया है कि देखा जाए कौन नाच रहा है या कौन क्या पहन रहा है, और फिर उसे जान से मार दिया जाए?”
मीका सिंह ने इस हत्याकांड में कथित संलिप्त अमृतपाल सिंह मेहरों नामक व्यक्ति का भी नाम लेते हुए कहा कि ऐसे लोगों की जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि यदि किसी में वास्तव में साहस है तो वह समाज में घूम रहे असली अपराधियों का सामना करे, न कि सोशल मीडिया पर एक्टिव एक महिला को निशाना बनाए।
उन्होंने कहा, “अगर आप में इतनी ही ताकत है तो उन बदमाशों को पकड़ो जो पंजाब में खुलेआम घूम रहे हैं। मैं भी चलूंगा आपके साथ। मगर एक अकेली महिला को मारकर आप कौन-सा धर्म निभा रहे हो?”
मीका ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की है कि इस घटना में शामिल दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में डर का माहौल खत्म हो और लोगों का कानून पर भरोसा बना रहे।
गायक ने अपने संबोधन में ये भी कहा कि सिख समुदाय श्री गुरु नानक देव जी के समय से मानव सेवा करता आया है, और इस तरह की घटनाएं पूरी कौम को कलंकित करती हैं। उन्होंने सभी से संयम बरतने और न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास रखने की अपील की।
इस हत्याकांड ने राज्य भर में रोष फैला दिया है और अब यह मामला तेजी से राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में आ रहा है। पुलिस की जांच जारी है और सरकार पर भी इस घटना में जल्द कार्रवाई करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।