मुंबई पुलिस ने शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा मामले में लुकआउट सर्कुलर जारी किया, 60 करोड़ की धोखाधड़ी की जांच तेज
मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ 60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोनों अक्सर विदेश यात्रा करते हैं, इसलिए जांच में रुकावट न आए इस लिए यह कदम उठाया गया है।
मामला क्या है?
बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने 14 अगस्त को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच शिल्पा और राज कुंद्रा को बिजनेस बढ़ाने के लिए कुल 60.48 करोड़ रुपए दिए, लेकिन यह रकम निजी खर्चों में खर्च कर दी गई।
दीपक के अनुसार, उनकी मुलाकात 2015 में एजेंट राजेश आर्या के जरिए शिल्पा और राज से हुई थी। उस समय दोनों बेस्ट डील टीवी के डायरेक्टर थे, जिसमें शिल्पा के पास 87% से ज्यादा शेयर थे। मीटिंग में तय हुआ कि दीपक लोन देंगे। कंपनी के लिए 75 करोड़ रुपए का लोन मांगा गया, जिस पर 12% वार्षिक ब्याज तय हुआ।
टैक्स से बचने के लिए कहा गया था निवेश बताने को
दीपक का आरोप है कि बाद में शिल्पा और राज ने कहा कि लोन पर टैक्स की परेशानी हो सकती है, इसलिए इसे निवेश के रूप में दिखाया जाए और हर महीने रिटर्न दिया जाए।