मुक्तसर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को मारी टक्कर, एक की मौत
मुक्तसर में एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। यह हादसा रात करीब 9 बजे डीसी दफ्तर के पास थांदे वाला रोड पर हुआ। तीन दोस्त बाइक पर मुक्तसर से फरीदकोट जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी टक्कर हो गई।
हादसे में फरीदकोट निवासी लक्की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुक्तसर के रवि कुमार और फरीदकोट के संदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल मुक्तसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लक्की का शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घायल रवि कुमार ने बताया कि वह मुक्तसर में मजदूरी करता है और वह अपने दोस्तों लक्की और संदीप को फरीदकोट छोड़ने जा रहा था। हादसा थांदे वाला रोड पर हुआ, जब अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।