रिपोर्ट-भरत चौबे
सीतामढ़ी. मैट्रिक की कंपार्टमेंटल सह विशेष परीक्षा 4 मई से होगी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति इस परीक्षा का आयोजन करती है. समिति ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है. सीतामढ़ी जिले में 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इस साल परीक्षा में जिले से करीब डेढ़ हजार विद्यार्थी शामिल होंगे.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक की कंपार्टमेंटल सह विशेष परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गयी है. जिला प्रशासन की सिफारिश पर बोर्ड ने जिले में कुल छह केंद्र बनाए हैं. इन केंद्रों पर जिले से 1518 परीक्षार्थी शामिल होंगे. नगरपालिका मिड्ल स्कूल भवदेपुर, माड़वारी मिड्ल स्कूल सीतामढ़ी, ओरियंटल मिड्ल स्कूल, मिड्ल स्कूल सिमरा, मिड्ल स्कूल मुरादपुर डुमरा, मिड्ल स्कूल रामपुर परोड़ी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. इन केंद्र के लिए केंद्राधीक्षक नियुक्त करने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा जा चुका है.
15 मिनट का अतिरिक्त समय
डीईओ प्रमोद कुमार साहू ने संबंधित केंद्रों का मुआयना कर जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. पहली पारी की परीक्षा सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से 5:15 बजे तक होगी. हर पाली में परीक्षार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. बिहार बोर्ड की निर्देशिका के अनुसार दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए गणित के स्थान पर गृह विज्ञान और विज्ञान के स्थान पर संगीत विषय की परीक्षा पुराने पाठ्यक्रम के आधार पर ली जाएगी.
परीक्षार्थी और परीक्षा केंद्र का विवरण
डीईओ श्री साहू ने बताया दृष्टिबाधित परीक्षार्थी 9 मई को पहली पाली में विज्ञान विषय के बदले संगीत और 10 मई को पहली पाली में गणित विषय के बदले गृह विज्ञान की परीक्षा में शामिल होंगे. उन्होंने बताया मिड्ल स्कूल मुरादपुर केंद्र पर 263 परीक्षार्थी, नगरपालिका मिड्ल स्कूल भवदेपुर केंद्र पर 283, माड़वारी मिड्ल स्कूल सीतामढ़ी केंद्र पर 274, मिड्ल स्कूल रामपुर परोड़ी केंद्र पर 253, मिड्ल स्कूल सिमरा केंद्र पर 235 और ओरियंटल मिड्ल स्कूल सीतामढ़ी केंद्र पर 210 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.
.
Tags: Bihar education, Local18
FIRST PUBLISHED : April 24, 2024, 21:02 IST










