मोहाली पुलिस ने आतंकी लांडा के दो गुर्गों को हथियारों समेत गिरफ्तार, लूटी गई कार बरामद
पंजाब की मोहाली पुलिस ने आतंकी लखवीर सिंह लांडा और गुरदेव सिंह उर्फ जैसल के दो गुर्गों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, दो देसी पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही, लुधियाना के थाना साहनेवाल से चोरी की गई एक कार भी बरामद की गई है। पुलिस ने इस गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई है।
एसएसपी दीपक पारीख ने बताया कि 8 जनवरी को आरोपियों ने पटियाला से मोहाली आ रहे तीन युवकों पर हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। आरोपियों की पहचान अवतार सिंह उर्फ विक्की और अमरवीर सिंह के रूप में हुई है, जबकि इनके तीसरे साथी अनमोल सिंह की गिरफ्तारी अभी बाकी है। आरोपियों ने पहले पटियाला में फायरिंग की और एक कार लूटी, फिर मोहाली में भी युवकों पर फायरिंग की और लुधियाना में एक और कार लूटी।
आरोपियों का संबंध आतंकी लांडा से होने की बात सामने आई है। वे हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के लिए मध्य प्रदेश से हथियार लेकर आए थे और पैसे के लालच में आतंकियों के संपर्क में आए थे। पुलिस अब इनके मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कर रही है और इनके अन्य संपर्कों और गतिविधियों की जांच जारी है।