लुधियाना में नशेड़ी बेटे और उसकी गर्लफ्रेंड ने बुजुर्ग माता-पिता के घर पर किया पथराव, CCTV में कैद हुई वारदात
लुधियाना, 11 अगस्त 2025: शहर के डिवीजन नंबर 7 थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक नशे की लत से ग्रस्त युवक और उसकी गर्लफ्रेंड ने अपने ही बुजुर्ग माता-पिता के घर पर ईंटें बरसाईं और जमकर तोड़फोड़ की। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित मां सुखविंदर कौर ने बताया कि उसका छोटा बेटा गगनदीप काफी समय से नशे का आदी है। नशे की लत और लगातार बुरा व्यवहार देखते हुए परिवार ने उसे पहले ही घर से बेदखल कर दिया था। गगनदीप हाल ही में एक महिला के साथ लिव-इन में रह रहा है। आरोप है कि रविवार देर रात वह उसी महिला को साथ लेकर घर पहुंचा और जबरन घर में घुसने की कोशिश की।
जब परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, तो दोनों ने गुस्से में आकर घर की ओर ईंटें और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे घर की खिड़कियों और दरवाजों को नुकसान पहुंचा। वारदात के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार ने थाना डिवीजन नंबर 7 में शिकायत दर्ज करवाई है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी गई है।
इलाके के लोग भी डरे हुए इस घटना के बाद से मोहल्ले में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह युवक पहले भी विवाद करता रहा है, लेकिन इस बार उसने हदें पार कर दीं। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यह घटना न केवल घरेलू हिंसा की एक गंभीर मिसाल है, बल्कि समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभाव और परिवारों पर इसके पड़ते असर की एक चिंताजनक तस्वीर भी पेश करती है।