लुधियाना में भी बाढ़ का कहर, लगातार बारिश से जन-जीवन हुआ प्रभावित
लुधियाना, 1 सितंबर 2025 – पंजाब में 9 जिलों के बाढ़ की चपेट में आने के बीच अब लुधियाना में भी प्रशासन ने अलर्ट मोड जारी कर दिया है। रात करीब 3 बजे से हो रही लगातार तेज बारिश ने शहर की स्थिति खराब कर दी है और जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बारिश ने निगम प्रशासन की तैयारियों की पोल भी खोल दी है।
सड़कों और गलियों में भरा पानी, घरों में पानी घुसने से मुश्किलें
बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया है। सीवरेज लाइनें ओवरफ्लो हो चुकी हैं, जिससे कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी बैकफ्लो कर रहा है। इस वजह से लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं और उनके रोज़मर्रा के काम बाधित हो गए हैं।
दीवार गिरने से कारें क्षतिग्रस्त, वाहनों को हो रही परेशानी
दमोरिया पुल के नजदीक पार्किंग एरिया की एक दीवार गिर जाने से करीब 3-4 कारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। महानगर के हरगोबिंद नगर, गणेश नगर, जनकपुरी, चौड़ा बाजार, किचलू नगर, सलेम टाबरी, बुड्ढा दरिया, टिब्बा रोड, ताजपुर रोड, समराला चौक, चंडीगढ़ रोड, सेक्टर 32, 39, जमालपुर, लिंक रोड, गिल रोड, फिरोजपुर रोड, पंजपीर रोड सहित कई इलाके पानी में डूब चुके हैं। जलभराव के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई वाहन भी खराब हो गए हैं।
निगम प्रशासन की लापरवाही उजागर
बारिश से ढोका मोहल्ले में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों को अत्यंत कठिनाई हो रही है। शहर के अंडरपास भी पूरी तरह लबालब भर गए हैं। पानी की निकासी के लिए निगम प्रशासन ने मशीनें लगाई हैं, लेकिन फिलहाल हालात नियंत्रण से बाहर नजर आ रहे हैं।