शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर 3.66 करोड़ की साइबर ठगी — तिहाड़ जेल से एक और आरोपी गिरफ्तार

शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर 3.66 करोड़ की साइबर ठगी — तिहाड़ जेल से एक और आरोपी गिरफ्तार

3.66 करोड़ ठगी मामलें में पुलिस किया एक और आरेापी गिरफ्तार। - Dainik Bhaskar
चंडीगढ़ | शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर कारोबारी से 3.66 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में चंडीगढ़ की साइबर थाना पुलिस ने तिहाड़ जेल से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंदर मोहन सिंह के रूप में हुई है, जो पहले से ही एक अन्य धोखाधड़ी केस में न्यायिक हिरासत में था। उसे जेल नंबर-03, तिहाड़, नई दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया।

P15 स्टॉक मार्केट ग्रुप से शुरू हुई ठगी

मामला सुरिंदर कुमार ठाकुर, निवासी पुष्पक कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-49, चंडीगढ़ की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता दिसंबर 2023 में “P15 स्टॉक मार्केट एक्सचेंज क्लब” नामक वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़ा था। इस ग्रुप में अंकिता गुप्ता नाम की एक महिला खुद को SMC ग्लोबल सिक्योरिटीज लिमिटेड की मैनेजर बताकर शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी और टिप्स साझा करती थी, वहीं राहुल शर्मा नामक व्यक्ति ग्रुप का ‘टीचर’ बनकर एक्टिव था।

फर्जी प्लेटफॉर्म और ऐप्स से जाल में फंसाया

धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद 4 फरवरी 2024 से सुरिंदर को ‘SMCLE’ नामक फर्जी प्लेटफॉर्म के जरिए “इंस्टिट्यूशन अकाउंट” खोलने को कहा गया। इसके लिए मनीष कुमार नामक एक व्यक्ति का संपर्क नंबर दिया गया, जिसने कई फर्जी मोबाइल ऐप्स और लिंक भेजे।

16 फरवरी से 25 मार्च तक हुए ट्रांजैक्शन

इस दौरान 3.66 करोड़ रुपए शिकायतकर्ता से अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। आरोपी केवल वॉट्सऐप पर ही बात करते थे, फोन कॉल नहीं उठाते थे और न ही कभी निवेश की गई राशि वापिस लेने का विकल्प दिया गया।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं 5 आरोपी

इस साइबर ठगी मामले में पहले ही राजस्थान के जोधपुर से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब चंदर मोहन सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामले की तह में जाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

दिल्ली और फरीदाबाद में भी दर्ज हैं केस

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि चंदर मोहन सिंह पर दिल्ली और फरीदाबाद (हरियाणा) में भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और अन्य पीड़ितों की तलाश जारी है।

(जुड़े रहें – साइबर अपराध से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहें हमारा विशेष कवरेज)

Leave a Comment

और पढ़ें