हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की केंद्रीय बजट 2025 पर प्रतिक्रिया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय बजट 2025 को किसानों और छोटे उद्योगों के लिए फायदेमंद बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों के जीवन स्तर को सुधारने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। साथ ही, एमएसएमई सेक्टर के लिए लोन गारंटी कवर को बढ़ाकर 10 करोड़ रुपए किया गया है, जिससे छोटे उद्योगों को और अधिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 6 वर्षों में मसूर और अरहर जैसी दालों के उत्पादन को बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा, और कपास के उत्पादन को बढ़ाने के लिए 5 साल का मिशन रखा गया है, जो देश के कपड़ा उद्योग को मजबूती देगा। बिहार में मखाना बोर्ड का गठन और छोटे उद्योगों के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड योजना की घोषणा भी की गई है, जिससे छोटे किसान और व्यापारी लाभान्वित होंगे।
हरियाणा की महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बजट में महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिसमें एससी-एसटी वर्ग की 5 लाख महिलाओं को 2 करोड़ रुपए का टर्म लोन मिलेगा। इसके अलावा, स्टार्टअप के लिए ऋण सीमा को बढ़ाकर 20 करोड़ रुपए किया गया है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और नए स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े ऐलान
बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। अगले 5 वर्षों में मेडिकल एजुकेशन में 75,000 नई सीटें जोड़ी जाएंगी, और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के लिए 500 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही, 23 IIT में स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ाने के लिए IIT पटना का विस्तार भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में यह बजट एक नए युग की शुरुआत करेगा, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। हरियाणा सरकार इस बजट में घोषित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी ताकि राज्य को अधिकतम लाभ मिल सके और प्रदेश के हर नागरिक को इसका सीधा लाभ मिले।”