हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 11वें मेगा वेजिटेबल एक्सपो में किया भाग, किसानों के लिए नई योजनाओं का किया ऐलान
करनाल के घरौंडा में स्थित जीटी रोड पर आयोजित 11वें मेगा वेजिटेबल एक्सपो का आज आखिरी दिन है। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जहां उनका स्वागत संस्थान के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने किया। उनके साथ इस मौके पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण, करनाल विधायक जगमोहन आनंद सहित अन्य भाजपा नेता भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने यहां पहुंचने पर सबसे पहले पौधारोपण किया और फिर अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा सरकार बागवानी (हॉर्टिकल्चर) को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि राज्य में बागवानी क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है और अब 2,40,000 एकड़ में फलों, सब्जियों, फूलों और मसालों की खेती हो रही है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी बताया कि 510 करोड़ रुपए की लागत से 140 फल और सब्जी संग्रहण और पैक हाउस स्थापित किए जा रहे हैं, और 448 बागवानी फसल समूह बनाए गए हैं। प्रत्येक क्लस्टर में 300 किसानों के साथ एक इकाई बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कई अनुदान और सब्सिडी की जानकारी भी दी:
-
फल उत्पादन पर प्रति एकड़ 50% तक की सब्सिडी।
-
सब्जी खेती के एकीकृत मॉडल पर 50% तक की सब्सिडी।
-
मशरूम की खेती के लिए 40% से 85% तक की सब्सिडी।
-
पॉलीहाउस, हाईटेक ग्रीनहाउस, वॉकिंग टनल पर सामान्य किसानों को 50% और अनुसूचित वर्ग के किसानों को 85% तक की सब्सिडी।











