हरियाणा विधानसभा सत्र में विपक्ष का हंगामा, अपराध और जलभराव पर गरमाई बहस

हरियाणा विधानसभा सत्र में विपक्ष का हंगामा, अपराध और जलभराव पर गरमाई बहस

सदन में लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाते कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला। उन्हें बैठने के लिए कहते स्पीकर हरविंद्र कल्याण। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर सवाल उठाया, जिस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस पहले ही स्थगन प्रस्ताव लेकर आ चुकी है और उसका जवाब सदन में दिया जा चुका है। इसके बावजूद बार-बार वही सवाल उठाना राजनीति से प्रेरित है।

मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायकों ने खड़े होकर विरोध जताना शुरू कर दिया, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच तीखी बहस हुई। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सदन में लॉ एंड ऑर्डर पर चर्चा करने से इनकार कर दिया।

इसी दौरान झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री ने कल सदन में ‘शैतान’ शब्द का प्रयोग किसके लिए किया था। इस पर मुख्यमंत्री सैनी ने जवाब देते हुए कहा, “कर्नल शैतान सिंह जैसे वीर सपूतों ने देश की रक्षा की है। विपक्ष उनके नाम पर हल्ला करके अपमान कर रहा है।”

वहीं, मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने अंबाला में जलभराव की समस्या को उठाया। उन्होंने कहा कि नदियों की सफाई न होने के कारण हर साल बरसात में घरों और खेतों में पानी घुस जाता है। जवाब में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि इस बार हरियाणा में जलभराव की स्थिति असामान्य रही है। मारकंडा नदी में इस बार जल्दी पानी आ गया, जिससे काम रोकना पड़ा। सरकार द्वारा जो प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं, वे पहली बार प्रदेश में लागू किए जा रहे हैं।

सत्र के अंतिम दिन भी सदन में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तल्खी बनी रही और कई अहम मुद्दों पर चर्चा अधूरी रह गई।

Leave a Comment

और पढ़ें