अंबाला: बंद पड़े ऑल वेदर स्विमिंग पूल को फिर से शुरू करने के लिए अनिल विज ने लिया संज्ञान
अंबाला। प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में बंद पड़े ऑल वेदर स्विमिंग पूल को फिर से शुरू करने का संज्ञान लिया है। मंत्री विज ने आश्वासन दिया कि जल्द ही यह स्विमिंग पूल फिर से कार्यशील होगा।
जानकारी के अनुसार, आज कुछ तैराकी करने वाले बच्चों ने मंत्री अनिल विज से मुलाकात की और स्विमिंग पूल के बंद होने की शिकायत की। बच्चों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह स्विमिंग पूल लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है, जिससे उन्हें तैराकी का अभ्यास नहीं मिल पा रहा है।
इस पर अनिल विज ने तुरंत राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम से बात की और इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “यह स्विमिंग पूल मैंने खुद बनवाया था और सुनकर हैरान हो गया कि बच्चे इसका फायदा नहीं उठा पा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि यह गलत है कि स्विमिंग पूल बंद पड़ा है और उसका टेंडर अब तक नहीं हुआ। इस मामले में उन्होंने जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) के खिलाफ कार्रवाई की बात भी की। मंत्री विज ने कहा, “अब कम समय में टेंडर की प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल होगा, इसलिए मैंने खेल मंत्री से अनुरोध किया कि सरकार को खुद यह स्विमिंग पूल चलाना चाहिए।”
इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही स्विमिंग पूल फिर से चालू हो जाएगा, जिससे बच्चों और तैराकों को इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ मिलेगा।