अबोहर में नहर से मिला युवक का शव, शुक्रवार से था लापता

अबोहर में नहर से मिला युवक का शव, शुक्रवार से था लापता
मृतक राम कुमार का फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

अबोहर में शनिवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव नहर से बरामद किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव रायपुरा निवासी राम कुमार के रूप में हुई है। वह एक बच्चे के पिता थे और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे।


शुक्रवार को लापता हुआ था राम कुमार

परिजनों के मुताबिक, राम कुमार शुक्रवार को अचानक लापता हो गए थे। देर शाम उनकी बाइक, पर्स और जूते गांव काला टिब्बा के पास नहर किनारे पड़े मिले। इस आधार पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तलाश शुरू कर दी।

शनिवार सुबह करीब 11 बजे, गांव धर्मपुरा और रुकनपुरा के बीच से गुजरती नहर में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को बाहर निकलवाया और पुलिस को सूचित किया।


पुलिस की लेटलतीफी पर नाराजगी

समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे जनता में रोष है। शव को अबोहर के अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।


परिजन मौके पर पहुंचे, शोक का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही राम कुमार के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि राम कुमार कुछ समय से मानसिक तनाव में थे, हालांकि परिजन ने मौत के कारण को लेकर अभी कोई ठोस बयान नहीं दिया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें