अबोहर में महिला सरपंच के पति शंकर लाल की हत्या, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने की छापेमारी, परिजनों का धरना समाप्त
फाजिल्का जिले के अबोहर स्थित गांव कलर खेड़ा में महिला सरपंच के पति शंकर लाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के तीन दिन बाद, शनिवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया, और पूरे पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी भी की गई। यह प्रक्रिया तीन डॉक्टरों की टीम ने आप नेताओं और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की।
पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदारों के घरों पर छापेमारी की और आरोपी की मां और पत्नी को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मेन हाईवे पर चल रहा धरना समाप्त कर दिया।
शंकर लाल का अंतिम संस्कार उनके गांव में किया जाएगा, और उनका छह वर्षीय बेटा मुख्य अग्नि देगा। अस्पताल में मौजूद आप नेता अरूण नारंग ने परिवार को आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन आरोपी की तलाश में जुटा है और उसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा, चाहे वह किसी भी पार्टी का वर्कर हो। मृतक के परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया है।
मामले का एक और दुखद पहलू यह है कि आरोपी मनोज का चार साल का बेटा भी पुलिस द्वारा उसकी मां के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला को और बच्चे को कोर्ट में पेश किया जाएगा, और कोर्ट द्वारा जो फैसला होगा, उसी आधार पर बच्चे को सौंपा जाएगा। इस घटना के कारण मनोज का पूरा परिवार उजड़ गया है, क्योंकि वह अभी भी फरार है।