गुमला. जैक बोर्ड ने इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया है, जिसमें कॉमर्स संकाय में संत इग्नासियुस इंटर कॉलेज गुमला के छात्र राहुल भुइंया ने 500 में 443 अंक लाकर जिले में सेकेंड पोजीशन हासिल की है. राहुल को इस परीक्षा में अंग्रेजी विषय में 86, अकाउंटेंसी में 95, बिजनेस स्टडीज में 84, बिजनेस मैथमेटिक्स में 96 और इकोनॉमिक्स में 82 अंक प्राप्त हुए हैं. राहुल की सफलता से पूरे घर-परिवार के साथ भुइंया समाज में हर्ष का माहौल है.
राहुल के पिता मजदूरी करते हैं और पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए राहुल खुद अखबार बेचता है. राहुल परिवार के साथ जिला मुख्यालय के सरना टोली में रहता है. राहुल की प्राथमिक शिक्षा संध्या रानी ऑक्सफोर्ड स्कूल गुमला से हुई है. उसके बाद स्टार डीपीएस गुमला से हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी की. 10वीं की परीक्षा में 85 फीसदी अंक प्राप्त हुए थे. तब स्कूल में सेकंड टॉपर बना था. वहीं, इस बार इंटर कॉमर्स में 88.6 फीसदी अंक लाकर जिले का सेकेंड टॉपर बना है.
भुइंया समाज के लिए बड़ी बात
बेटा की सफलता से मां-पिता व घर में खुशी का माहौल है, क्योंकि यह गुमला जिला के लिए ऐतिहासिक पल रहा, जब भुइंया समाज के किसी लड़के को यह उपलब्धि प्राप्त हुई है. समाज के लोग घर आकर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं. साथ ही साथ फोन पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. सभी राहुल की लगन और हौसले की तारीफ कर रहे हैं.
खुद उठाया पढ़ाई का खर्च
राहुल भुइंया ने लोकल 18 को बताया कि मेरे पिता ब्रिज भुइयां जिला मुख्यालय से लगभग 55 किमी दूर चैनपुर प्रखंड में मजदूरी करते हैं. मां नूरी देवी गृहिणी हैं. घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण सुबह 4 बजे उठकर घर-घर जाकर पेपर बांटता हूं. उसी से स्कूल फीस, ट्यूशन फीस, पढ़ाई का खर्च उठाता हूं.
परिवार की गरीबी दूर करना है
कहा कि यह उपलब्धि माता-पिता के सपोर्ट की वजह से है. वे मेरे प्रेरणा स्रोत हैं. वे हमारे लिए 55 किलोमीटर दूर चैनपुर में आलू-प्याज का बोरा ढोने का कार्य करते हैं, जो मेरे लिए पीड़ा दायक है. बचपन से बहुत ही गरीबी देखा हूं. मैं पढ़ाई कर ऊंचा मुकाम हासिल कर अपना और अपने परिवार की गरीबी दूर करना चाहता हूं.
सीए बनना लक्ष्य
परीक्षा की तैयारी को लेकर बताया कि स्कूल और ट्यूशन के अलावा प्रतिदिन 6 घंटे नियमित रूप से पढ़ाई करता था. मैंने एनसीईआरटी बुक, यूट्यूब और प्रीवियस ईयर के क्वेश्चन, मॉडल प्रारूप और स्कूल के नोट्स से की थी. आगे बीकॉम करके चार्टेड अकाउंटेंट बनना चाहता हूं. इसके लिए तैयारी कर रहा हूं. अपने छोटों को यही संदेश देना चाहूंगा कि चाहे जैसी भी परिस्थिति हो पढ़ाई पर फोकस करें. हिम्मत कभी न हारे.
.
Tags: 12th results, Gumla news, Jharkhand board result, Local18
FIRST PUBLISHED : May 1, 2024, 17:37 IST










