अब हिमाचल में सस्ता होगा सेब स्टोरेज, मई के अंत तक यहां तैयार हो जाएगा APMC का पहला CA स्टोर

शिमला. ठियोग में स्थित पराला सब्जी मंडी में APMC और मार्केटिंग बोर्ड द्वारा पहला सीए (Controlled Atmosphere) स्टोर बन कर तैयार होने जा रहा है. इस सीजन में बागवान अपने सेब को सीए स्टोर में रख पाएंगे. स्टोर को 31 मई तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. बता दें कि जून में सेब का सीजन शुरू हो जाता है और इससे पहले इस सीए स्टोर को तैयार करने का लक्ष्य है. स्टोर को 60 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है.

स्टोर 5600 मीट्रिक टन का बनाया जा रहा है, जिसमे ढाई लाख सेब की पेटियां रखने की क्षमता होगी. APMC (कृषि उत्पादन विपणन समिति) शिमला और किन्नौर के चेयरमैन देवानंद वर्मा ने बताया कि इस सीजन में बागवानों को सीए स्टोर की सुविधा मिलने जा रही है. 2 वर्षों से पराला में सीए स्टोर का निर्माण चल रहा है, जिसे 31 मई तक पूरा करने का लक्ष्य है. इस सीजन में बागवानों को सस्ती दरों पर सीए स्टोर की सुविधा का लाभ मिल पाएगा.

पायलट प्रोजेक्ट के तहत निर्माण
हिमाचल प्रदेश APMC की प्रदेश में 12 मंडियां हैं. मौजूदा समय में सीए स्टोर की सुविधा किसी भी मंडी में उपलब्ध नहीं है. पायलट प्रोजेक्ट के तहत पराला मंडी में प्रदेश का पहला सीए स्टोर बनाया जा रहा है. APMC और मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बागवानों को सस्ती दरों पर फसल को स्टोर करने की सुविधा देने के लिए पराला में सीए स्टोर की सुविधा प्रदान की जा रही है. इस पायलट प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद अन्य मंडियों में भी सीए स्टोर की सुविधा मिल पाएगी.

पहले अडानी के सीए स्टोर में रखे जाते थे सेब
सीए स्टोर में कम तापमान में सेब और स्टोन फ्रूट को रखा जाता है. इसका तापमान अधिकतम 2 डिग्री सेल्सियस तक रहता है. सीए स्टोर के माध्यम से फसल को बहुत दिनों तक ताजा रखा जा सकता है. हिमाचल में इससे पहले APMC का कोई भी सीए स्टोर नहीं था, इसलिए बागवानों को महंगी दरों पर अडानी के सीए स्टोर में फसल को रखना पड़ता था. महंगी दरें होने के कारण कई बागवान अपने सेब को सीए स्टोर में नहीं रख पाते थे और फसल खराब हो जाती थी.

Tags: Agriculture, Apple, Local18, Shimla News

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें