अभिनेत्री तानिया के पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर मोगा में दिनदहाड़े फायरिंग, हालत गंभीर

फिरौती के एंगल से जांच, लांडा गिरोह के गुर्गों पर शक; परिवार ने की प्राइवेसी की अपील
मोगा/चंडीगढ़:
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा तानिया कंबोज इस समय गहरे सदमे में हैं। उनके पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर 4 जुलाई शुक्रवार को मोगा जिले के कोट इसे खां इलाके में स्थित हरबंस नर्सिंग होम में दिनदहाड़े गोलीबारी की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल डॉ. कंबोज की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उन्हें मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हमलावर मरीज बनकर पहुंचे, फिर चलाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और मरीज बनकर क्लिनिक में दाखिल हुए। जैसे ही वे डॉ. कंबोज के पास पहुंचे, उन्होंने नजदीक से उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही क्लिनिक में अफरातफरी मच गई। आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गए।
डॉ. कंबोज को दो गोलियां लगीं, जो छाती में धंसी थीं। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोलियां निकाल दी हैं, लेकिन उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
एक करोड़ की फिरौती, लांडा गिरोह पर शक
पुलिस को शुरुआती जांच में फिरौती का एंगल नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि आतंकी लांडा के गुर्गे बीते कुछ समय से डॉ. कंबोज को एक करोड़ रुपए की फिरौती के लिए लगातार धमका रहे थे। पुलिस का मानना है कि इस वारदात के पीछे उसी गिरोह का हाथ हो सकता है।
मोगा पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है।
अभिनेत्री तानिया की भावुक अपील
घटना के बाद अभिनेत्री तानिया कंबोज ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक भावुक संदेश साझा किया। उसमें लिखा गया:
“यह हमारे परिवार के लिए एक अत्यंत कठिन और भावनात्मक समय है। हम मीडिया और सभी से निवेदन करते हैं कि कृपया हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें थोड़ा समय दें। कृपया अफवाहें न फैलाएं। आपकी समझ और समर्थन के लिए धन्यवाद।“










