अमृतसर: ऑपरेशन ब्लू स्टार की 41वीं बरसी का दूसरा दिन, SGPC और दमदमी टकसाल के बीच टकराव की आशंका
अमृतसर, 2 जून — पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में ऑपरेशन ब्लू स्टार की 41वीं बरसी पर आज दूसरा दिन मनाया गया। इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से गुरुद्वारा बाबा गुरबख्श सिंह में 2 जून 1984 को ऑपरेशन के दौरान घायल हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के दर्शन करवाए गए। इस दौरान उस बुलेट को भी प्रदर्शित किया गया, जिससे स्वरूप खंडित हुआ था।
SGPC हर साल 2 से 6 जून के बीच इन स्वरूपों का प्रदर्शन करती है, ताकि सिख समुदाय को उस त्रासदी की याद दिलाई जा सके और गोल्डन टेंपल में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी जा सके। इस सप्ताह को ‘घल्लूकारा सप्ताह’ के रूप में मनाया जा रहा है, जो 6 जून को समाप्त होगा।
6 जून को घल्लूघारा दिवस के अवसर पर SGPC और दमदमी टकसाल के बीच टकराव की आशंका जताई जा रही है। दमदमी टकसाल के मुखी बाबा हरनाम सिंह खालसा ने SGPC को चेतावनी दी है कि अगर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज की ओर से कौम के नाम संदेश या शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया, तो इसका विरोध किया जाएगा।
स्थिति को शांत करने के लिए SGPC अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी आज स्वयं चौक मेहता पहुंचकर बाबा हरनाम सिंह से मुलाकात करेंगे।
इस बीच, SGPC की ओर से 4 जून को श्री अकाल तख्त साहिब में अखंड पाठ की शुरुआत की जाएगी, जिसकी समाप्ति 6 जून को होगी। इसी दिन गोल्डन टेंपल में शहीद परिवारों को सम्मानित भी किया जाएगा।
दमदमी टकसाल की ओर से 6 जून को गुरुद्वारा गुरदर्शन प्रकाश, चौक मेहता में अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, दल खालसा ने 5 जून की शाम को “घल्लूघारा मार्च” निकालने की घोषणा की है, जो शहर के विभिन्न बाजारों से होता हुआ श्री अकाल तख्त पर समाप्त होगा।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने करीब 6 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है।