अमृतसर के सठियाला गांव में कच्ची छत गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में कोहराम

अमृतसर के सठियाला गांव में कच्ची छत गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में कोहराम

बारिश के कारण गिरा घर। - Dainik Bhaskar

अमृतसर (पंजाब): अमृतसर जिले के हल्का बाबा बकाला के अंतर्गत आने वाले गांव सठियाला में सोमवार को भारी बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी राजविंदर सिंह के घर की कच्ची छत अचानक ढह गई, जिससे उनकी 12 साल की बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई।

इस हादसे में घर के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को सब-डिविजनल अस्पताल, बाबा बकाला साहिब पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

विधायक पहुंचे अस्पताल, जताया दुख
घटना की सूचना मिलते ही बाबा बकाला साहिब के विधायक दलबीर सिंह टौंग अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है।

विधायक टौंग ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी।

सरकारी लापरवाही या प्राकृतिक आपदा?
गांव के लोगों का कहना है कि घर की छत जर्जर हालत में थी और लगातार बारिश के कारण वह अचानक ढह गई। यह घटना उन परिवारों की स्थिति पर भी सवाल खड़े करती है, जो आज भी कच्चे और कमजोर मकानों में रह रहे हैं और जिनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

शोक की लहर
इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि गरीब परिवारों के कच्चे मकानों के लिए विशेष सहायता योजना चलाई जाए, ताकि ऐसे हादसों को भविष्य में रोका जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें