अमृतसर: डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने अजनाला में बाढ़ प्रभावित इलाकों की समीक्षा की, तुरंत मुआवजा देने के निर्देश
अमृतसर जिले की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने आज अजनाला क्षेत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शत-प्रतिशत क्षतिग्रस्त मकानों और जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उन्हें तुरंत मुआवजा देने के निर्देश दिए ताकि पीड़ित परिवारों को भविष्य में किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
राहत और पुनर्वास के काम तेज़ करने के निर्देश
डीसी साहनी ने बताया कि प्रभावित नागरिकों के लिए राहत और पुनर्वास का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि संबंधित एसडीएम और अन्य अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर मुआवजे और राहत सामग्री का समय पर वितरण किया जाए।
पात्र लोगों को राहत से वंचित न रखा जाए
साक्षी साहनी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कोई भी पात्र नागरिक राहत और मुआवजे से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि मुआवजे से जुड़े आवेदनों और दावों पर सरकार के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद मिल सके।