अमृतसर में ऑपरेशन ब्लू स्टार की 41वीं बरसी, खालिस्तान समर्थक नारेबाज़ी और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
अमृतसर, 6 जून: पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की 41वीं बरसी पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 8 बजे अकाल तख्त साहिब पर अरदास की गई। इसके तुरंत बाद श्रद्धालुओं ने हाथों में जरनैल सिंह भिंडरांवाला के पोस्टर लेकर ‘खालिस्तान ज़िंदाबाद’ के नारे लगाए।
बरसी के मौके पर अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने अरदास के बीच ही कौम के नाम संदेश दिया। यह संदेश आमतौर पर अरदास के बाद दिया जाता है, लेकिन हाल ही में दमदमी टकसाल द्वारा जत्थेदार की मान्यता पर सवाल उठाने के बाद विवाद से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया।
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान के पहुंचने पर उनके समर्थकों ने भी अकाल तख्त सचिवालय के बाहर खालिस्तान समर्थक नारे लगाए। वहीं, सरबत खालसा के कार्यकारी जत्थेदार ध्यान सिंह मंड को अकाल तख्त साहिब पर जाने से रोका गया, जिसके उन्होंने विरोध में आवाज़ उठाई।
बरसी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार में मारे गए लोगों के परिजनों को सम्मानित किया।
शहर में बरसी को लेकर बाजार बंद रहे और सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। स्वर्ण मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।