अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के भारत दौरे का विरोध शुरू, 23-24 अप्रैल को पुतला दहन का ऐलान
अमृतसर: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के प्रस्तावित भारत दौरे को लेकर विरोध की लहर शुरू हो गई है। किसान मजदूर संगठन ‘किसान मजदूर मोर्चा’ ने इस दौरे के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने 23 और 24 अप्रैल को जिला और ब्लॉक स्तर पर केंद्र सरकार और जेडी वेंस के पुतले जलाने की घोषणा की है।
किसान नेता सरबन सिंह पंधेर ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) सोमवार शाम तक अपने विरोध कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा जारी करेगा। इसके लिए अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। उन्होंने अन्य किसान संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा से भी इस विरोध में शामिल होने की अपील की है।
पंधेर ने पंजाब और हरियाणा में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और आल (फसल रोग) से फसलों को हुए भारी नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने दोनों राज्य सरकारों से मांग की कि किसानों को जल्द और उचित मुआवजा दिया जाए। इसके लिए किसान संगठन जल्दी ही संबंधित सरकारों से मुलाकात करेगा।
यह विरोध ऐसे समय पर सामने आया है जब भारत और अमेरिका के रिश्ते कूटनीतिक स्तर पर गहरे हो रहे हैं। किसान संगठनों का कहना है कि वे अमेरिका की नीतियों और भारतीय किसानों पर उसके प्रभाव के खिलाफ आवाज़ उठाना चाहते हैं।