आईपीएल 2025: एलिमिनेटर मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस आमने-सामने, मुल्लांपुर स्टेडियम में रोमांच चरम पर
मुल्लांपुर, 28 मई — इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का रोमांच अब पंजाब की धरती पर पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। चंडीगढ़ के नजदीक मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंदर सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 मई को खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला “करो या मरो” की स्थिति वाला होगा, जहां हारने वाली टीम का टूर्नामेंट से सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
शुभमन गिल के लिए अग्निपरीक्षा
गुजरात टाइटंस के युवा कप्तान शुभमन गिल के लिए यह मुकाबला बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है। यदि उनकी टीम जीत दर्ज करती है तो वह सेकंड क्वालिफायर में प्रवेश करेगी, जहां उन्हें पहले क्वालिफायर में हारने वाली टीम से भिड़ना होगा। गिल की कप्तानी और रणनीति इस अहम मुकाबले में टीम की किस्मत तय करेगी।
मैदान में दिखा गुजरात का जोश
गुजरात टाइटंस की टीम ने सोमवार को मुल्लांपुर स्टेडियम में जोरदार अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। अभ्यास की शुरुआत फुटबॉल खेलकर की गई ताकि खिलाड़ियों की फिटनेस को मजबूत किया जा सके। इसके बाद रनिंग, कैच प्रैक्टिस, बैटिंग और फील्डिंग में खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया।
कोच आशीष नेहरा पूरे अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ियों की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखते दिखे, जबकि कप्तान गिल टीम के साथ रणनीति बनाते और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
मुंबई इंडियंस भी तैयार
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम मंगलवार देर शाम मोहाली एयरपोर्ट पहुंची, जहां से वे सीधे अपने होटल रवाना हो गई। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह समेत तमाम सितारे एलिमिनेटर मुकाबले के लिए तैयार हैं। मुंबई की टीम अनुभव और संतुलन के साथ मैदान में उतरने को बेताब दिख रही है।
माहौल गरम, टीमें जुटीं रणनीति बनाने में
आईपीएल 2025 के पहले क्वालिफायर और एलिमिनेटर मुकाबले के लिए मुल्लांपुर में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह गर्म है। 29 मई को क्वालिफायर-1 खेला जाएगा, जबकि 30 मई को एलिमिनेटर। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीमें भी शहर पहुंच चुकी हैं और अभ्यास में जुटी हैं।
क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब मुल्लांपुर स्टेडियम पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि कौन टीम अपने खिताबी सफर को आगे बढ़ाएगी और कौन सी टीम इस सीजन को अलविदा कहेगी।