आम आदमी पार्टी पंजाब के नवनियुक्त प्रभारी मनीष सिसोदिया का चंडीगढ़ आगमन

आम आदमी पार्टी पंजाब के नवनियुक्त प्रभारी मनीष सिसोदिया का चंडीगढ़ आगमन

आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के नवनियुक्त प्रभारी मनीष सिसोदिया आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका ढोल-नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भगवंत मान की सरकार ने पिछले तीन सालों में बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार ने जो कचरा फैलाया था, उसे साफ करने में समय तो जरूर लगा, लेकिन अब राकेट स्पीड से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “हमने नशे के खिलाफ जो युद्ध छेड़ा है, वह मेरी प्राथमिकता रहेगी। अगले एक-दो साल में हम जनता से किए गए सभी वायदों को पूरा करेंगे और पंजाब के हर आदमी तक सरकार पहुंचेगी। यह हमारी कोशिश रहेगी।”

तीन दिन पहले की गई थी नियुक्ति

आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार फिलहाल एक्टिव मोड में है, क्योंकि पंजाब ही देश का वह एकमात्र राज्य है जहां आम आदमी पार्टी सत्ता में है। ऐसे में पार्टी की बड़ी लीडरशिप अब अपना पूरा ध्यान पंजाब पर लगा रही है। तीन दिन पहले, 16 मार्च को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी और सत्येंद्र कुमार जैन को सह प्रभारी नियुक्त किया था। यह निर्णय पार्टी के तीन साल पूरे होने के बाद लिया गया, और अब पार्टी पंजाब में किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती है।

पहले दौरे पर विपक्ष ने उठाए थे सवाल

दिल्ली चुनाव के बाद, मनीष सिसोदिया ने पंजाब का दौरा किया था और स्कूलों का दौरा किया था। इस दौरान विपक्षी दलों ने सवाल उठाए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मनीष सिसोदिया को शिक्षामंत्री बना दिया जाए। अब, उन्हें पार्टी द्वारा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, और यह उम्मीद की जा रही है कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें