ऑपरेशन सतर्क: पंजाब पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम, DGP खुद उतरे सड़कों पर

ऑपरेशन सतर्क: पंजाब पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम, DGP खुद उतरे सड़कों पर

अमृतसर में नाके पर लोगों से बातचीत करते हुए डीजीपी गौरव यादव व साथ हैं पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर। - Dainik Bhaskar

पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत शुक्रवार रात एक विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। इस मुहिम की गंभीरता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव स्वयं सड़कों पर उतरे और आधी रात को अमृतसर और जालंधर में नाकों की जांच की।

DGP यादव ने अमृतसर के गोल्डन गेट, रेलवे स्टेशन और छेहर्टा थाना क्षेत्र में लगाए गए नाकों का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। इसी तरह जालंधर में थाना नंबर 7 और पिम्स अस्पताल के पास चैकिंग पॉइंट्स पर जाकर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

इस दौरान उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि पंजाब को जल्द नशा मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते एक महीने में कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और बड़े ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे इस अभियान में लुधियाना में एडीजीपी ए. एसराय और पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में निरीक्षण किया।

DGP यादव ने जानकारी दी कि ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी पर रोक लगाने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम लागू किया गया है और बॉर्डर इलाकों में 2100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल कोई भी व्यक्ति, चाहे वह पुलिस विभाग का ही क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा।

अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस जंग में पुलिस का साथ दें, क्योंकि नशे के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने के लिए जन सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Comment

और पढ़ें