हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट के तीन छात्रों ने स्कूल जाने से मना कर दिया है. मना करने की वजह पूछे जाने पर छात्रों का कहना है कि सीनियर छात्रों द्वारा उनका उत्पीड़न किया जाता है. जिससे वह परेशान हो चुके हैं और अब स्कूल नहीं जाना चाहते हैं.
परेशान स्कूल न जाने वाले इन बच्चों में एक 8वीं कक्षा की छात्रा है, तो बाकी 2 छात्र 9वीं और 10 वीं में पढ़ाई कर रहे हैं. जिन्होंने सीनियर छात्रों पर परेशान करने का आरोप लगाया है. छात्रों के अभिवावकों ने शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई है. जिसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने 3 सदस्यीय टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए हैं. यह टीम स्कूल में जाकर जांच रिपोर्ट पेश करेगी.
3 छात्रों ने छोड़ा स्कूल
गंगोलीहाट में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संचालित हो रहा है. इस आवासीय विद्यालय में वर्तमान में 6 से लेकर 12वीं तक के 150 छात्र हैं . स्कूल न जाने वाले छात्रों में तीनों गणाई गंगोली के रहने वाले हैं जो स्कूल से वापस घर लौट आए हैं.
बच्चों से नशीली चीजें मंगाते हैं सीनियर
इन छात्रों के अभिभावकों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की गई थी लेकिन उन सीनियर छात्रों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है. अभिभावकों का आरोप है कि सीनियर छात्र उनके बच्चों से रात के समय नशा करने वाली चीजें और अन्य सामान मंगा रहे हैं, और नहीं लाने पर उनके बच्चों का उत्पीड़न किया जाता है. इससे उनके बच्चे परेशान हो गए हैं.
शिक्षा विभाग करेगा कार्रवाई
गंगोलीहाट के खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्या ने जानकारी देते हुए कहा कि सीनियर छात्रों द्वारा उत्पीड़न की शिकायत मिली है. जिस पर जांच कमेटी बना दी है. सत्यता पाए जाने पर उचित कार्रवाई की बात भी उन्होंने कही है.
Tags: Local18, Pithoragarh news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 18, 2024, 16:47 IST










