गुरदासपुर: नशा तस्कर गिरफ्तार, एक किलो हेरोइन बरामद, पाकिस्तान से आई थी खेप
गुरदासपुर में पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से हेरोइन की एक किलो खेप बरामद की गई है। यह हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई थी।
डीएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार और पुलिस महानिदेशक, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत जिला पुलिस को विशेष अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अगस्त में गांव चंदू वडाला में संदेह के आधार पर जोबनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद, उसकी तलाशी में एक किलो हेरोइन बरामद हुई, जो मोम के लिफाफे में छुपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने इस मामले में कलानौर थाने में मुकदमा दर्ज किया है और एक और आरोपी मनजोत सिंह को नामजद किया है, जो अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मनजोत सिंह के पाकिस्तान से संबंध थे और उसने पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क कर ड्रोन के माध्यम से यह हेरोइन भारत में मंगवाई थी। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने 4 दिन के रिमांड पर लिया है।