गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की फरलो, सिरसा डेरे में रहेंगे
हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में रेप और हत्या के मामलों में 20 साल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 21 दिन की फरलो मिली है। बुधवार सुबह, उसे कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से सिरसा ले जाया गया, जहां वह इस पूरी अवधि के दौरान अपने डेरे में रहेगा।
राम रहीम को सिरसा डेरे के 77वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए फरलो दी गई है। डेरा सच्चा सौदा की स्थापना 29 अप्रैल 1948 को संत शाह मस्ताना जी ने की थी।
राम रहीम की मुख्य शिष्या हनीप्रीत उसे लेने रोहतक जेल पहुंची थी। सिरसा पहुंचने के बाद, राम रहीम ने एक वीडियो जारी कर श्रद्धालुओं से कहा, “फिर से श्रद्धालुओं की सेवा में हाजिर हूं। सभी अपने-अपने घरों में रहें और डेरे के जिम्मेदार लोग जो कहें, वही करें।”
इससे पहले, राम रहीम 28 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल पर बाहर आया था, जिसमें उसने 10 दिन सिरसा डेरे में और 20 दिन यूपी के बरनावा में बिताए थे। इस बार उसकी फरलो के बाद उसकी सभी पैरोल और फरलों की अवधि अब तक 325 दिन हो चुकी है।