गैंगस्टर दविंदर बबीहां गिरोह के चार शूटर गिरफ्तार, पुलिस पर की थी फायरिंग
चंडीगढ़, 25 अगस्त: पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर दविंदर बबीहां गिरोह के चार कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जब एक नाके पर आरोपियों को रोका गया, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चारों को काबू कर लिया गया। गनीमत रही कि इस मुठभेड़ में कोई हताहत नहीं हुआ।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों पर पहले भी कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये शूटर कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं और लंबे समय से फरार थे।
डीजीपी गौरव यादव का बयान पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, “यह एक बड़ी कामयाबी है। पूछताछ में जल्द ही और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है, जिससे गैंगस्टर नेटवर्क पर और शिकंजा कसा जा सकेगा।”
गैंगस्टर नेटवर्क पर पंजाब पुलिस की सख्ती जारी पंजाब में हाल के दिनों में गैंगस्टर गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन चलाया हुआ है। इस कार्रवाई को उसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में गैंगस्टर गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।