चंडीगढ़ पुलिस में 25 पुलिसकर्मियों का रिटायरमेंट, 9 ने लिया VRS

चंडीगढ़ पुलिस में 25 पुलिसकर्मियों का रिटायरमेंट, 9 ने लिया VRS

चंडीगढ़ पुलिस में 28 फरवरी को 25 पुलिसकर्मी रिटायर हो गए, जिनमें डीएसपी से लेकर हवलदार तक के कर्मी शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से 9 पुलिसकर्मियों ने अपनी मर्जी से वॉलंटरी रिटायरमेंट (VRS) लिया। इन 9 पुलिसकर्मियों में 6 इंस्पेक्टर और 3 एएसआई शामिल हैं। VRS लेने वाले इंस्पेक्टरों में सुशील कुमार, दलबीर सिंह, चंद्रमोहन, अमरीक सिंह, दिनेश कुमार और शमशेर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा, महिला एएसआई परविंदर कौर, एएसआई कुलविंदर सिंह और एएसआई राम कर्ण ने भी वीआरएस लिया। इन पुलिसकर्मियों के द्वारा VRS लेने के कारणों में पारिवारिक और व्यक्तिगत कारण प्रमुख बताए जा रहे हैं।

रिटायर हुए 25 पुलिसकर्मियों में डीएसपी दविंदर सिंह, इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, सुशील कुमार, दलबीर सिंह, राम कुमार, चंद्रमोहन, अमरीक सिंह, दिनेश कुमार और शमशेर सिंह सहित कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों में से 6 जवान, जो पहले सब-इंस्पेक्टर थे, उन्हें वन रैंक प्रमोशन देकर इंस्पेक्टर बनाया गया था।

चंडीगढ़ पुलिस ने इन रिटायर पुलिसकर्मियों के सम्मान में एक फेयरवेल समारोह आयोजित किया, जिसमें उन्हें सम्मानित किया गया।

रिटायरमेंट के बाद अब यूटी पुलिस में प्रमोशन और ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 1 मार्च को कई पुलिसकर्मियों को एएसआई के पद पर प्रमोट किया गया, और जल्द ही कांस्टेबलों को हवलदार के पद पर प्रमोशन दिया जाएगा। अगले हफ्ते पुलिस विभाग में कई और प्रमोशन और ट्रांसफर की उम्मीद है।

हालांकि, पुलिस प्रशासन के लिए यह एक चिंता का विषय बन गया है कि लगातार पुलिसकर्मी अपनी मर्जी से VRS ले रहे हैं। अधिकारियों को इस बात की जांच करनी होगी कि आखिर क्यों इतने पुलिसकर्मी समय से पहले अपनी नौकरी छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। यदि फोर्स को किसी प्रकार की परेशानी हो रही है, तो इसका समाधान निकालना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। इससे पहले भी कई चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी वॉलंटरी रिटायरमेंट ले चुके हैं, जिनमें गैलेंट्री अवॉर्ड के लिए नामित इंस्पेक्टर अमनजोत भी शामिल हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें