चंडीगढ़ में एक्टिवा को आग लगाने की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
चंडीगढ़ में एक खतरनाक घटना सामने आई, जब रात के समय एक घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की एक्टिवा को दो बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह घटना उस वक्त हुई जब एक्टिवा घर के बाहर खड़ी थी और देखते ही देखते पूरी एक्टिवा जल गई। दोनों आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने के प्रयास में जुटी है।
सारंगपुर गांव की रहने वाली पूजा ने पुलिस को अपनी शिकायत में कहा कि उसे शक है कि उसके पुराने दोस्त ने ही एक्टिवा में आग लगाई है। जब पुलिस ने उस युवक से संपर्क किया, तो उसने बताया कि वह अपने गांव, यूपी में है और उसके परिवार के सदस्य की तबीयत खराब है, जिसके कारण वह अस्पताल में है और उसके पास अस्पताल का बिल भी है। उसने कहा, “एक ही व्यक्ति दो जगह कैसे हो सकता है?”
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बिना मुंह ढके एक्टिवा के पास आते हैं और पेट्रोल डालते हैं। उनमें से एक युवक सड़क पर देखता है कि कोई आ तो नहीं रहा, जबकि दूसरा माचिस जलाने की कोशिश करता है। पहली तीली से आग नहीं लगती, लेकिन दूसरी तीली जलाने पर अचानक आग का बड़ा गुब्बार उठता है और दोनों आरोपी वहां से फरार हो जाते हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। इस मामले में पूजा के द्वारा जताए गए शक पर भी जांच जारी है, और उसे पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया है।
यह पहली बार नहीं है कि इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले सेक्टर-37 में भी एक बाइक को तीन लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी, जो सीसीटीवी में कैद हो गई थी। हालांकि, पुलिस अभी तक तीनों आरोपियों में से किसी का भी सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस अब इन दोनों घटनाओं के आरोपियों को पकड़ने के लिए सक्रिय रूप से जांच कर रही है।