शादी में दूल्हा-दुल्हन इस बात के लिए उत्साहित और नर्वस होते हैं कि उनके नए जीवन की शुरुआत हो रही होती है. लेकिन अगर दुल्हा-दुल्हन उन्हें छोड़ बारातियों की बात करें तो बड़ी से बड़ी शादी में भी बारातियों का पूरा फोकस शानदार दावत पर ही होता है. दावत में मीठे के कितने पकवान हैं, या सब्जियों में पनीर नरम था या कड़क, ये चर्चाएं शादी के बाद महीनों तक होती हैं. लेकिन हम आपको एक ऐसी सब्जी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके आगे बड़े-बड़े पकवान भी फीके पड़ जाते हैं. हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश की, जहां शादियों में आप चाहे बरातियों के आगे शाही पनीर ही क्यों न परोस दें, लेकिन अगर मठा के आलू नहीं परोसे जाएं तो बाराती बड़ी से बड़ी शादी की दावत को भी रिजेक्ट कर देते हैं.
मठे के आलू, मठा के आलू जो भी कह लें, लेकिन ये आसान की सब्जी स्वाद के मामले में अच्छे से अच्छी सब्जी पर भारी पड़ जाती है. दिलचस्प है कि इस सब्जी में न तो ज्यादा मसाले डाले जाते हैं और न ही इसमें बहुत सारी चीजें डाजी जाती हैं. लेकिन इस सादा सी सब्जी के पीछे की दीवानगी गजब की है. यूं तो छाछ के या मठा के आलू देश के कई हिस्सों में बनते हैं लेकिन कानपुर समेत वेस्टर्न यूपी के इलाकों में बेहद प्रसिद्ध ये सब्जी कुछ अलग तरह से बनाई जाती है. जहां अक्सर आलू को जीरा के साथ बनाया जाता है, वहीं ये सब्जी मेथी के दाने से छौंकी जाती है.
अब जिस सब्जी की आपने इतनी तारीफ सुन ली, उसे सुनकर आपका भी मन करने लगा होगा कि चलो इसे बनाया जाए. तो लीजिए, आपको हम इसकी रेसिपी बताते हैं.
मठा के आलू की रेसिपी (Matthe Ke Aloo Recipe)
जैसा की नाम से ही पता है आपको कि इस सब्जी के नाम में 2 चीजें आ रही हैं, मठा और आलू. यही दोनों इस सब्जी के हीरो भी हैं. मठा यानी छाछ, शरीर के लिए काफी अच्छा होता और आलू एक ऐसी सब्जी है जो सभी को खूब पसंद आती है. आइए बताते हैं इसकी रेसिपी.
सामग्री
उबले हुए आलू- आधा किलो
1 पैकेट छाछ/मठा
एक छोटा चम्मच मेथी दाना
छोटी चम्मच हल्दी
1 चम्मच मिर्च
नमक स्वादानुसा
छोंकने के लिए तेल
विधि
- सबसे पहले आप आलु उबाल लें और उन्हें ठंडा कर के छील कर रख लें.
- अब उबले हुए आलू को हाथों से ही मसल लें. इसके अलावा मठा को आप एक बर्तन में पहले से निकाल लें. आपको सब्जी के लिए रूम टेंप्रेचर पर रखा मठा ही इस्तेमाल करना है.
-
आलू को हाथ से मसल लें.
- गैस पर कढ़ाई में सरसों का तेल डालें और उसे गर्म होने दें.
- जब उसमें धुआं निकले तब इसमें मेथी दाना डालें. इसमें थोड़ी सी हींग डालें.
- अब इसी तेल में हल्दी और मिर्च डालें और तुरंत आलू भी डाल दें. आलू को अच्छे से पूरे मसाले से कोट कर लें.
- आलू पर जब मसाला लग जाए तब आधी कटोरी पानी डालें. (पानी डालने से कढ़ाई का टेंप्रेचर कम हो जाएगा और सब्जी मठा डालने पर फटेगी नहीं.)
-
मठा के आलू में ज्यादा मसाले नहीं डाले जाते.
- अब चम्मच से चलाते हुए इसमें मठा डालें और सब्जी को लगातार चलाते रहें. इस सब्जी को आपको जब तक चलाना है, जब तक मठा में उबाल न आ जाए. एक बार उबाल आ जाए तो आप सब्जी को धीमी आंच पर कम से कम 10 से 15 मिनट तक उबलने के लिए छोड़ दें.
- मठा के आलू में हरी मिर्च का फ्लेवर काफी अच्छा लगता है. आप ऊपर से हरी मिर्च डाल लें.
जब सब्जी पक जाए तब इसमें नमक डालें. - हरे धनिया से सजाएं और इस स्वादिष्ट सब्जी को आप चावल से, रोटी से, पूड़ी से किसी से भी खा सकते हैं. उत्तर प्रदेश में ये सब्जी पूड़ी के साथ खूब खाई जाती है.
.
Tags: Food, Food Recipe
FIRST PUBLISHED : May 2, 2024, 19:41 IST










