जंगलों की आग और भीषण गर्मी से आंखों का हुआ बुरा हाल! नैनीताल में बढ़ी मरीजों की संख्या

तनुज पाण्डे/नैनीताल : मई के महीने में भी देश के कई इलाकों में तेज गर्मी पड़ रही है. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों सहित मैदानी भागों में गर्मी चरम पर है . बढ़ती गर्मी की वजह से कई तरह की बीमारियां होने का खतरा मंडरा रहा है. बढ़ता तापमान आपकी स्किन को भी खराब कर सकता है. गर्मी का मौसम शुरू होते ही शरीर में कई तरह के इन्फेक्शन होने लगते हैं. जिसमें गर्मियों में आंखों से संबंधित कई बीमारियां बढ़ने लगती हैं ऐसे में कुछ टिप्स अपनाकर आप अपनी आंखों का ध्यान रख सकते हैं.

उत्तराखंड के नैनीताल स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल में भी इन दिनों आंखों की समस्या लेकर कई मरीज आ रहे हैं. अस्पताल से मिले आंकड़ों के मुताबिक इन दिनों नैनीताल में आंख संबंधित बीमारियों के मरीज बड़ चुके हैं. जिसका प्रमुख कारण वातावरण में फैली गंदगी और धूप है. नैनीताल और आसपास के जंगलों में पिछले दिनों लगी भीषण आग का असर भी तापमान में दिख रहा है. बीते साल मई के महीने में पारा 20 डिग्री तक रहता था लेकिन पिछले कुछ दिनों से पारा 25 डिग्री तक का रहा है. जो पहाड़ों के लिहाज से बेहद ज्यादा है. इसके साथ ही जंगलों की आग के कारण धुएं और धूल के कण भी हवा में आ रहे हैं. जिससे लोगों को आंखों से संबंधित बीमारियां हो रही है.

भीषण गर्मी के चलते मरीजों की संख्या
नैनीताल स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दीपिका लोहनी बताती हैं कि गर्मी के चलते आंखों के इंफेक्शन के मामले बढ़ रहे हैं. जिसमें आंखें लाल होने की परेशानी हो रही है. मौसम परिवर्तन और भीषण गर्मी के चलते अस्पताल में आंखों के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. रोजाना 60-70 मरीज ओपीडी में दिखाने आते है. गर्मी के मौसम में आंखों में जलन, चुभन, आंखे लाल होना, दर्द होना, आंखों में सूजन, स्किन ड्राई होना, सूखापन इत्यादि की समस्याएं हो रही है.

ऐसे करें आंखों का बचाव
डॉ. दीपिका बताती हैं कि इस मौसम में आंखों का विशेष ध्यान रखना चाहिए. आंखों में जलन, दर्द, सूजन होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए. साथ ही समय समय पर आंखों को ठंडे पानी से धोते रहना चाहिए. बाहर निकलते समय आंखों में धूप के चश्मे का उपयोग करना चाहिए. साथ ही आंखों को ड्राई रखने के लिए आई ड्रॉप का इस्तेमाल करना चाहिए.

Tags: Local18, Nainital news, Uttarakhand news

]

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें