जालंधर के कालिया कॉलोनी में ओवरलोड ट्रक से हादसा, गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ
जालंधर के पॉश एरिया कालिया कॉलोनी में हुए हादसे में गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। एक ओवरलोड ट्रक जब मोहल्ले से गुजर रहा था, तो वह बिजली के हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आ गया, जिससे बिजली का खंबा गिर गया। हादसे के वक्त गली से करीब 6 बच्चे और एक स्कूटी पर सवार महिला और व्यक्ति भी गुजर रहे थे। ट्रक के तारों से टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसके कारण आसपास के लोग तुरंत इकट्ठा हो गए।
हालांकि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना को गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद किया गया, जिसमें बच्चों और स्कूटी सवार महिला की खौफनाक स्थिति दिखाई गई। बच्चों की जान बाल-बाल बची, जब वे बिजली के पोल से सिर्फ 10 कदम की दूरी पर थे। स्कूटी सवार महिला ने किसी तरह ब्रेक लगाकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, और पॉवरकॉम नुकसान का आंकलन कर रही है। इसके बाद नुकसान की भरपाई की जाएगी।