जालंधर के ट्रैवल ब्लॉगर अमरीक सिंह की पाकिस्तान यात्रा पर जांच, पुलिस ने छोड़ा
जालंधर, 14 अगस्त 2025 — पंजाब पुलिस ने मशहूर ट्रैवल ब्लॉगर और यूट्यूबर अमरीक सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ा है। अमरीक को उनके हालिया पाकिस्तान दौरे के संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के गुप्त इनपुट के आधार पर हिरासत में लिया गया था।
पूछताछ और डिजिटल डिवाइस जब्त
अमरीक सिंह से घंटों पूछताछ की गई, जिसमें उनकी पाकिस्तान यात्रा के दौरान की गई गतिविधियों पर सवाल उठाए गए। साथ ही, उनके डिजिटल डिवाइस को भी जांच एजेंसियों ने जब्त किया, जो उनके यूट्यूब वीडियो शूटिंग और कंटेंट प्रोडक्शन के लिए इस्तेमाल होता था। इस बात की पुष्टि अमरीक सिंह ने खुद की है।
जांच जासूसी नेटवर्क से जुड़ी
मामले को हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तान मूल के नासिर ढिल्लों से जुड़े कथित जासूसी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अमरीक को सोमवार शाम पुलिस ने फोन कर थाने बुलाया था। थाने पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनका फोन बंद हो गया, जो बाद में शाम करीब 8:30 बजे चालू हुआ, फिर बंद हो गया।
IB टीम की अमरीक के घर पर छापेमारी
रात करीब 10 बजे, IB की टीम पुलिस सुरक्षा के बीच अमरीक के घर पहुंची और उनके यूट्यूब चैनल तथा दिसंबर 2024 में हुई पाकिस्तान यात्रा को लेकर अमरीक की पत्नी मनप्रीत कौर से भी सवाल-जवाब किए गए।
पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अमरीक सिंह जालंधर के लोहियां खास थाने में पूछताछ के बाद छोड़े गए हैं। फिलहाल जांच जारी है और आगे की कार्रवाई इंटेलिजेंस एजेंसियां ही करेंगी।