जालंधर: बाइक और स्कॉर्पियो की टक्कर में युवती की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जालंधर, पंजाब: जालंधर जिले के रामामंडी क्षेत्र में होशियारपुर रोड पर स्थित गांव जोहलां के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। यह टक्कर एक बाइक और स्कॉर्पियो (PB 07 BY 0333) गाड़ी के बीच हुई। मृतका की पहचान अमनदीप कौर (पुत्री कुलविंदर सिंह), निवासी गांव नंगल फतेह खां, जालंधर के रूप में हुई है।
पुलिस ने अमनदीप का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल, जालंधर भिजवा दिया है। थाना रामामंडी की पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे की असल वजह का पता लगाया जा रहा है।
एएसआई विपिन रंधावा का बयान
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम के एएसआई विपिन रंधावा ने बताया कि,
“हादसा देर रात हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती खुद बाइक चला रही थी, और उसकी टक्कर स्कॉर्पियो गाड़ी से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।”
उन्होंने बताया कि,
“अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गलती किसकी थी – बाइक सवार की या स्कॉर्पियो चालक की। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।”










